सत्ता का अर्थ और परिभाषाएँ- प्राचीनकाल से ही राजनीति विज्ञान में सत्ता की अवधारणा का विशेष महत्व रहा है। प्रायः समस्त राजनीतिक विचारकों ने सत्ता की अवधारणा का प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष उल्लेख किया है। सत्ता के अंग्रेजी पर्यायवाची शब्द ‘Authority’ की उत्पत्ति लैटिन भाषा के शब्द आक्टोरिटस (Auctoritas) से हुई है जिसका शाब्दिक अर्थ है-बढ़ाना। सत्ता किसी व्यक्ति, संस्था, नियम या आदेश का ऐसा गुण है, जिसके कारण उसे सही मानकर स्वेच्छा से उसके निर्देशों का पालन किया जाता है।
शक्ति के साथ जब वैधता जुड़ती है तो वह सत्ता कहलाती है। दूसरे शब्दों में कहें तो वैध शक्ति ही सत्ता है। हेनरी फियोल के अनुसार -“सत्ता आदेश देने का अधिकार और आदेश का पालन करवाने की शक्ति है।” वायर्सटेड के अनुसार, “सत्ता शक्ति के प्रयोग का संस्थात्मक अधिकार है।” पीटरसन के अनुसार -“आदेश देने व उसके पालन की आज्ञा देने के अधिकार को सत्ता कहते हैं।”